ताखा। फर्जी टीईटी प्रमाण पत्र लगाकर नौकरी पाने वाले ब्लाक ताखा के 7 शिक्षकों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। यह कार्रवाई बीएसए के आदेश पर हुई है।
शासन के निर्देश वर्ष 2020 में एसआईटी ने फर्जी शिक्षक पात्रता प्रमाण पत्र के आधार पर शिक्षक की नौकरी पाने वालों के खिलाफ जांच का निर्देश दिया था। एसआईटी की जांच में ताखा ब्लाक में 7 शिक्षक ऐसे मिले थे, जिनके प्रमाण पत्र फर्जी पाए गए थे।
एसआईटी की रिपोर्ट के आधार पर इन फर्जी शिक्षकों की सेवाएं 28 अक्टूबर 2020 को बेसिक शिक्षा विभाग ने समाप्त कर दी थीं। इनमें से तीन के खिलाफ थाना ऊसराहार में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
खंड शिक्षा अधिकारी अवनीश कुमार ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं भरथना थाने में तीन व चौबिया में 1 के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
खंड शिक्षा अधिकारी अवनीश कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी गई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष अमरपाल सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र के तीन फर्जी शिक्षकों पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है मामले की जांच की जा रही है।
ये हैं सात शिक्षक
संतोष कुमार नगला भागा, शिवबालक सिंह नगला प्रीत, सुंदर लाल सरावा, मुन्नीलाल रिदौली, ज्ञानेंद्र सिंह कठौतिया, सुभाष चंद्र भडरपुर और पोखीराम लवानियां बनी केशोपुर में तैनात हुए थे।