इकदिल। 33 केवी लाइन में शुक्रवार रात फाल्ट होने से इकदिल व मानिकपुर उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इसके चलते आसपास के 150 गांवों में अंधेरा छा गया। बिजली सुबह तक नहीं आई तो पेयजल आपूर्ति भी नहीं हुई और लोग जरूरत का पानी जुटाने के लिए इधर-उधर भटकते रहे। शनिवार सुबह 10 बजे फाल्ट ठीक होने के बाद बिजली आई तब कहीं जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
फाल्ट से मानिकपुर विशु, मानिकपुर मोहन, रायपुरा, सितोरा, परमधाम, नगला चौहान, विरारी, चांदनपुरा सहित लगभग 100 गांवों के लोग गर्मी से बेहाल रहे। गर्मी और मच्छरों से परेशान बच्चे, बुजुर्ग और महिलाओं ने पूरी रात छत पर टहलते हुए गुजारी। ग्रामीण धीरेंद्र सोनी, योगेश मिश्रा, सचिन सोनी, मुकेश मिश्रा, मीरा देवी आदि ने बताया कि बिजली न आने से पूरी रात उनकी नींद उड़ी रही। बिजली न आने से सुबह पानी की आपूर्ति भी नहीं हुई। इसके कारण गांव में लगे हैंडपंप पर लाइन लगाकर जरूरत का पानी जुटाना पड़ा। सुबह लगभग 10 बजे फाल्ट ठीक होने के बाद बिजली आई तब कहीं जाकर लोगों को राहत मिली।
संबंध में एसडीओ प्रेमचंद्र ने बताया कि 33 केवी लाइन में अचानक फाल्ट होने के कारण आपूर्ति बाधित रही। उन्होंने बताया कि लाइन खेतों से होकर गुजरती है, इससे फाल्ट ढूंढने में समय लग जाता है। टीम ने रात में ही फाल्ट का पता लगाकर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया था।