उदी। बढपुरा थाना क्षेत्र के नगला बीरबल गांव के पास इटावा मंडी में मिर्च बेचने जा रहे पॉलीटेक्निक छात्र अमन सिंह (18) ने बदमाश ने गोली मार दी। परिजनों ने उसे आगरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। सूचना पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
अजबपुर की मढै़या गांव निवासी किसान करण सिंह का बेटा अमन अपने खेत की मिर्च बेचने के लिए प्रतिदिन इटावा सब्जी मंडी जाता है। मंगलवार की सुबह भी वह बाइक में मिर्च लेकर मंडी जा रहा था।
सुबह करीब 4:30 बजे नगला बीरबल से बाहुरी मोड़ के बीच में बदमाश ने उसे गोली मार दी। सिर पर गोली लगने से वह बाइक समेत सड़क पर गिर गया।
घटना की सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने अमन को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी रेफर कर दिया।
देर शाम में परिजन अमन को बेहतर इलाज के लिए आगरा लेकर चले गए। इधर, घटना की सूचना पाकर एसएसपी डॉ.बृजेंद्र कुमार सिंह, एसपी सिटी प्रशांत कुमार प्रसाद, सीओ व फोरेंसिक टीम भी पहुंची।
पुलिस को घटनास्थल पर एक जला हुआ मोबाइल फोन व तमंचा मिला है। पिता ने बताया कि अमन यादव पॉलीटेक्निक से इंजीनियरिंग कर रहा है। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
घटना के कारणों व हमलावरों का पता लगाया जा रहा है। घटनास्थल पर मोबाइल जलाने व तमंचा मिलने के पीछे के कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।