इटावा। बीते शैक्षिक सत्र में शुल्क प्रतिपूर्ति और छात्रवृत्ति प्राप्त न होने पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ताओं ने रोष जताया। नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय का गेट बंद कर धरना दिया।
एबीवीवी जिला संयोजक अभिषेक सिंह राठौर ने बताया कि शैक्षिक सत्र 2021-2022 की शुल्क प्रतिपूर्ति एवं छात्रवृत्ति अभी तक बहुत से छात्र-छात्राओं को नहीं मिली है। इन समस्याओं को लेकर शनिवार को अभिषेक की अगुवाई में संगठन के पदाधिकारी समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय पहुंचे थे। अधिकारी कार्यालय में मौजूद नहीं थे। इससे खफा होकर एबीवीपी पदाधिकारियों ने कार्यालय का गेट बंद कर नारेबाजी शुरू कर दी। जानकारी मिलने पर एसडीएम न्यायिक गुलाब सिंह मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर ज्ञापन लिया।
संगठन के गौरव ने कहा विद्यार्थी परिषद अपने स्थापना काल से ही छात्र हित में अनवरत कार्यरत है। पवन चौधरी, गोपाल मिश्रा ने कहा छात्रों की समस्या का अति शीघ्र निदान कराया जाए अन्यथा कार्यकर्ता आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। प्रदर्शन में संगठन मंत्री निर्भय प्रताप, जिला सहसंयोजक दीपक वर्मा, जिला नगर संग़ठन मंत्री सागर पाठक, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य अंकित, उज्ज्वल द्विवेदी, आकाश अभिषेक राव, अभय ठाकुर, सत्यम राजावत, हिमांशु राठौर, विकास सिंह, आकाश, सुदीप आदि उपस्थित रहे।