एसएसपी डा. राकेश सिंह ने रविवार को पुलिस लाइंस में थानों के प्रधान आरक्षी तथा पैरोकारों की बैठक की। इस दौरान अपराध रजिस्टर में चेकिंग इनडैक्स न बनाने पर उन्होंने प्रधान आरक्षी सैफई तथा पछायगांव को कड़ी फटकार लगाई।
पुलिस लाइंस में हुई बैठक में सभी प्रधान आरक्षियों को प्रमुख रजिस्टरों के साथ बुलाया गया था। इस मौके पर एसएसपी ने कहा कि आरोप पत्र न्यायालय में शत-प्रतिशत दाखिल होने चाहिए। यदि उन्हें कोई समस्या आती है तो थानाध्यक्ष को अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र में सबसे अधिक विवेचनाएं लंबित हैं।
समीक्षा के दौरान हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी भरेह थाने में सबसे अच्छी पाई गई। इकदिल व सिविल लाइंस थाने में निगरानी कम पाई गई। इस पर उन्होंने आपत्ति जताते हुए थानाध्यक्षों को कड़ी चेतावनी दी। भरेह थानाध्यक्ष को उन्होंने पुरस्कृत करने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने प्रधान आरक्षियों को होने वाली परेशानियों के संबंध में जानकारी दी। प्रधान आरक्षियों ने कुर्सियों की मांग रखी। इस पर एसएसपी ने प्रत्येक थानों में चार-चार कुर्सियां दिए जाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जिस थाने का कार्यालय सबसे साफ सुथरा पाया जाएगा उस थाने के हेड मुंशी को दो हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। उन्होंने जनता के प्रति संवेदनशील रहकर जनहित में कार्य करने के निर्देश दिए।
सुरक्षा की गुहार लगाई
इटावा। रामलीला रोड पर चीनी व रिफाइंड की दुकान किए व्यापारी गोपीशरण अग्रवाल ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर सुरक्षा की गुहार लगाई है। व्यापारी का कहना है कि दो दिन पहले शुक्रवार को उस पर मिर्च पाउडर फेंककर लूट का प्रयास किया गया।
व्यापारी के मुताबिक, वह दुकान बंद कर रात करीब 8 बजे घर अकालगंज की ओर जा रहा था। ब्राउनगंज मंडी की पुलिया के पीछे पहुंचा तभी अज्ञात लोगाें ने उसे रोक लिया तथा आंखों में लालमिर्च का पाउडर डाल दिया। उसने पास की दुकान में शरण ली। एक लुटेरे ने फायर भी किया लेकिन पीछे से व्यापारियाें के आने से बदमाश भाग खड़े हुए। दुकानदार ने एसएसपी को आवेदन देकर सुरक्षा की गुहार लगाई है।