बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे का निरीक्षण करते यूपीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अवनीश कुमार अवस्थी। ?
- फोटो : ETAWAH
ताखा (इटावा)। यूपीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अवनीश कुमार अवस्थी सप्ताह में दूसरी बार बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के निर्माण कार्य की समीक्षा करने बुधवार को ताखा पहुंचे। टोल प्लाजा पर कार्यदायी संस्था के अधिकारियों से काम की प्रगति की जानकारी ली। उनसे कहा कि अधिक मशीनें लगाएं, मजदूरों की संख्या बढ़ाकर भले ही तीन शिफ्टों में काम कराएं। निर्माण कार्य जुलाई के पहले सप्ताह में हर हाल में काम पूरा करना है।
पत्रकारों से चर्चा में मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने कहा कि बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 29 फरवरी 2020 को किया गया था। निर्माण कार्य 28 महीने में पूरा होने जा रहा है। ये एक्सप्रेसवे सबसे कम समय में बनकर तैयार होगा। उन्होंने कहा कि जुलाई के पहले सप्ताह में निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस ड्रीम प्रोजेक्ट का लोकार्पण जुलाई के दूसरे सप्ताह में प्रधानमंत्री करेंगे।
आर्थिक और सामाजिक विकास होगा
बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर यातायात शुरू होने से क्षेत्र का आर्थिक और सामाजिक विकास होगा। कृषि, वाणिज्य, पर्यटन और औद्योगिक आय में वृद्धि होगी। राजधानी दिल्ली के साथ विभिन्न विनिर्माण इकाइयों, विकास केंद्रों और कृषि उत्पादक क्षेत्रों को जोड़ने के लिए एक्सप्रेसवे के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में औद्योगिक गलियारा विकसित किया जाएगा ये विकास में सहायता करेगा। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे आसपास हमीरपुर, जालौन में औद्योगिक पार्क बनाए जाएंगे। इन पार्क में उद्यमी उद्योग लगाकर माल एक्सप्रेसवे के जरिये जल्दी और कम खर्च में गंतव्य तक पहुंचा सकेंगे।