इटावा। सूबे में भले ही भाजपा ने भारी बहुमत से सरकार बना ली हो, लेकिन सदर सीट पर सपा का पलड़ा भारी रहा। सपा ने जिले की तीन में से दो सीटों पर कब्जा जमा लिया। जबकि 2017 के चुनाव में भाजपा ने दो और सपा ने एक सीट पर जीत हासिल की थी।
जिले की जसवंतनगर सीट पर प्रसपा अध्यक्ष और सपा प्रत्याशी शिवपाल सिंह यादव ने बड़े अंतर से जीत दर्ज की है। उन्होंने यहां से लगातार छठवीं बार जीत दर्ज की है। जिले की भरथना सीट पर भी सपा के राघवेंद्र कुमार सिंह जीते हैं।
इस बार सपा ने ये सीट भाजपा से छीन ली है। इटावा सदर सीट पर भाजपा प्रत्याशी सरिता भदौरिया ने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की है।
सुबह गहमागहमी के बीच मतगणना शुरू हुई। जिले की तीनों सीटों पर शुरुआती दौर में ही सपा ने बढ़त बना ली थी। मतगणना बढ़ने के साथ सपा प्रत्याशियों के वोटों का अंतर भी बढ़ता गया। एक समय तो लग रहा था कि तीनों सीटें सपा की झोली में गिरेंगी, लेकिन सदर सीट पर आखिर में स्थिति बदल गई।
जसवंतनगर सीट से सपा प्रत्याशी और मुलायम सिंह के भाई शिवपाल सिंह यादव ने भाजपा प्रत्याशी विवेक शाक्य को 90,979 वोटों के बड़े अंतर से हराया। शिवपाल को 1,59,718 व भाजपा के विवेक शाक्य को 68, 739 मत मिले।
भरथना सीट पर भी सपा प्रत्याशी राघवेंद्र कुमार सिंह ने बड़े अंतर से जीत दर्ज की। उन्होंने भाजपा के डा. सिद्धार्थ शंकर को 7559 वोटों से हराया। राघवेंद्र को 1,03,676 व डा. सिद्धार्थ शंकर को 96,117 वोट मिले।
इटावा सदर सीट पर सपा और भाजपा के प्रत्याशियों के बीच मुकाबला रोचक रहा। सुबह से पीछे चल रहीं सरिता भदौरिया ने अंतिम दौर में सपा प्रत्याशी पर बढ़त बनाते हुए सपा के प्रत्याशी सर्वेश शाक्य को 3984 मतों के अंतर से पराजित किया। सरिता भदौरिया को 98,150 और सपा प्रत्याशी सर्वेश शाक्य को 94,166 मत मिले।