इटावा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दामाद और उसकी सास गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद दूसरा बाइक सवार मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंचे परिजन ने दोनों घायलों को निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया गया।
औरैया के अयाना थाना क्षेत्र निवासी अनीत कुमार (35) ने बताया कि रविवार दोपहर वह अपनी सास सर्वेश देवी निवासी गिरजा पुरम कॉलोनी के साथ बाइक से बाजार जा रहे थे। दोनों सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सरैया रोड पर पहुंचे थे। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रहे एक बाइक सवार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि अनीत कुमार और सर्वेश देवी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने घटना की जानकारी परिजन को दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को निजी वाहन से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। प्रभारी निरीक्षक केके मिश्रा ने बताया तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।(संवाद)
.........................................
गोवंश सामने आने से बेकाबू हुई बाइक, महिला घायल
उदी। पछायगांव थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर जैतपुर की कविता (32) पत्नी राजपाल अपने पति के साथ बाइक से उदी मोड़ जा रही थीं। पछायगांव के पास गोवंश सामने आने पर बाइक बेकाबू होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में कविता घायल हो गईं। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सिर में चोट के चलते जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।(संवाद)