इटावा। शहर के नन्हें स्केटर नील यादव(7) ने नेशनल रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप 2021 में स्वर्ण पदक जीता। नील ने प्रतियोगिता के 600 मीटर इवेंट में भाग लिया। प्रतियोगिता दिल्ली में आयोजित की गई।
इटावा के रतन नगर निवासी नील के दादा सत्यप्रकाश और ताऊ अखिलेंद्र यादव ने बताया कि भारतीय स्केटिंग महासंघ ने 59वीं राष्ट्रीय रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप आयोजित की थी। इसमें स्वर्ण पदक जीतने वाले नील को श्री किशोर भंडारी जॉयंट सेक्रेटरी आरएसएफआई और राम निवास गोयल अध्यक्ष विधान सभा दिल्ली ने पुरस्कृत किया। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में मंत्री अर्जुन मुंडा, पद्मश्री पहलवान सतपाल, विश्व रोलर स्केटर पदक विजेता आनंद वेलुकुमार उपस्थित रहे ।
नील ने इससे पहले नवंबर 2021 में ग्रेटर नोएडा में आयोजित प्रदेश स्तर की प्रतियोगिता में 2 स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए अपना स्थान सुरक्षित किया था। नील के पिता निखिलेंद्र यादव ने इस उपलब्धि का श्रेय कोच मनदीप कुमार को दिया है।