इटावा। उप्र आयुर्विज्ञान विवि सैफई के ईएनटी विभाग ने जटिल और दुर्लभ फंगल साइनस रोग का ऑपरेशन कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। ईएनटी विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. जितेंद्र प्रताप सिंह चौहान की देखरेख में प्रो. डॉ. ऋतु गुप्ता एवं उनकी टीम ने 10 वर्षीय बच्चे की यह जटिल सर्जरी कर उसे नया जीवन दिया है।
शहर के नगला जगे निवासी शौर्य, एलर्जिक फंगल राइनोसाइनो साइटिस नाम की गंभीर बीमारी से पीड़ित था। बीमारी इतनी बढ़ चुकी थी कि फंगल ने बढ़कर नाक और सभी साइनसों को भर दिया था। इसके साथ ही आंख के आसपास की हड्डियों में परिवर्तन, नाक की मध्य हड्डी में विकृति व रोग का फैलाव मस्तिष्क के पास तक पहुंच गया था। प्रो. डॉ. ऋतु गुप्ता ने अत्याधुनिक एंडोस्कोपिक तकनीक का उपयोग करते हुए सफलतापूर्वक पूरे फंगल ऊतक को निकाल दिया। ऑपरेशन के दौरान आंख और मस्तिष्क से संबंधित किसी भी प्रकार की जटिलता नहीं हुई और इंट्राक्रैनियल क्षेत्र में फैली बीमारी को भी सुरक्षित रूप से हटाया गया।
प्रो. डॉ. गुप्ता ने बताया कि समय पर बीमारी की पहचान से यह इलाज संभव हो सका। ईएनटी विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. जितेंद्र प्रताप सिंह चौहान ने कहा कि विवि में जटिल से जटिल रोगों के उपचार के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं और अनुभवी विशेषज्ञ उपलब्ध हैं।