फोटो संख्या 16 सीओ सैफई आलोक प्रसाद व पुलिस बल ने ड्रोन का संचालन देखा।
- फोटो : ETAWHA
सैफई। थाना क्षेत्र की निगरानी अब ड्रोन कैमरों से की जाएगी। इसको लेकर क्षेत्राधिकारी आलोक प्रसाद ने थाना क्षेत्र में कई जगह ड्रोन कैमरों से निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि आगामी त्योहारों व क्षेत्र की निगरानी ड्रोन कैमरों से की जाएगी और अपराधियों की गतिविधियों पर 24 घंटे नजर रखी जाएगी।
क्षेत्राधिकारी ने कहा कि अब अपराधी घटना को अंजाम देकर भाग नहीं सकेंगे, उनकी हर गतिविधि कैमरों में कैद होगी। उन्होंने बताया कि पराली जलाने वालों को भी ड्रोन कैमरे से चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और मुकदमे दर्ज किए जाएंगे।
सीओ की उपस्थिति में ड्रोन कैमरों के परीक्षण के दौरान नजारा देखने वालों की भीड़ लगी रही, कुछ उत्सुक लोग अपने वाहन रोक कर देखने लगे। इस दौरान पुलिस मीडिया सेल प्रभारी सुबोध यादव ने ड्रोन कैमरा चलाकर क्षेत्राधिकारी को दिखाया। साथ ही कांस्टेबल को चलाने के तरीके बताए।
उन्होंने बताया कि इस कैमरे को लगभग 500 मीटर ऊंचाई तक ले जाकर एक से डेढ़ किलोमीटर की दूरी तक हो रही गतिविधियों को कैद किया जा सकेगा। सीओ आलोक प्रसाद ने बताया कि एसएसपी आकाश तोमर अपराध रोकने के लिए नई तकनीकों का प्रयोग कर रहे हैं। इसके तहत हर थाना क्षेत्र की ड्रोन कैमरा से अपराधियों पर निगरानी रहेगी। सीओ ने थाना क्षेत्र में सैफई चौराहा, सैफई मेडिकल चौराहा व उसके कैंपस सहित कई जगह ड्रोन कैमरों से निरीक्षण किया।