सैफई महोत्सव में इस बार पुलिस प्रदर्शनी लगाई गई। इसका उद्घाटन सांसद प्रो. रामगोपाल यादव ने किया। पुलिस पंडाल में उत्तर प्रदेश पुलिस की आधुनिकीकरण योजनाओं को मुख्य रूप से दर्शाया गया है। इसमें अस्त्र शस्त्र का प्रदर्शन किया गया।
सैफई महोत्सव में इस बार एसएसपी डा. राकेश सिंह के प्रयास से पुलिस प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें अत्याधुनिक ग्लाक पिस्टल, एमपी-5 सब मशीन, इंसास रायफल, एसाल्ट रायफल, नाइट विजन, साइट फॉर एसाल्ट रायफल आदि शस्त्रों का प्रदर्शन किया गया है।
दंगा नियंत्रण के लिए पुलिस बल को मिलने वाले अघातक हथियार तथा एनटी राइटगन, टियर गैस गन, जीरो प्वाइंट वन-टू बोर पंप एक्सन गन, चिली बम का प्रदर्शन किया गया है। अपराधों पर रोकथाम के उद्देश्य से पहली बार क्लोज सर्किट कैमरों को सैफई मेला परिसर, पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस आदि में इस तरह लगाया गया है कि पुलिस पंडाल में स्थित कंट्रोल रूम में बैठकर टीवी पर सभी जगह की निगरानी की जा सके।
एसएसपी ने बताया कि सैफई महोत्सव परिसर में इस तरह के कैमरे लगाए गए हैं जिनके जरिए एक किलोमीटर तक देखा जा सकता है। उन्होंने बताया कि पंडाल में वूमेन पावर हेल्पलाइन 1090 को भी प्रदर्शित किया जा रहा है। इस मौके पर डीआईजी एन चौधरी, एएसपी सर्वानंद सिंह यादव तथा नगर पालिका चेयरमैन संटू गुप्ता मौजूद रहे।