इटावा। इंस्पायर अवार्ड मानक योजना (2025-26) के परिणामों ने जिले के 121 बाल वैज्ञानिकों के नवाचार जल्द ही धरातल पर नजर आएंगे। उच्च प्राथमिक विद्यालय बिबौली की कक्षा सात की छात्रा निधि ने महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वूमेन सेफ्टी पिन का मॉडल बनया।
विज्ञान शिक्षक ऋषभ त्रिवेदी के मार्गदर्शन में बना यह मॉडल न केवल संकट के समय बेटियों की रक्षा करेगा बल्कि घर वालों को उनकी लोकेशन भी बताएगा। स्वर्गीय गया प्रसाद वर्मा स्मारक कृषक इंटर कॉलेज बिजपुरी खेड़ा की कक्षा 10 की छात्रा वैष्णवी ने जूता क्लैंप का मॉडल तैयार किया है। यह पहाड़ों पर चढ़ने और उतरने के दौरान संतुलन बनाए रखेगा। बिबौली स्कूल के ही कक्षा आठ के छात्र पुष्पेंद्र ने एक ऐसी बहुउद्देशीय छड़ का मॉडल बनाया है जिससे झाड़ू, पोछा, जाला सफाई और पेड़ से फल तोड़ने जैसे काम एक ही उपकरण से हो सकेंगे।
इन सभी 121 चयनित विद्यार्थियों को केंद्र सरकार की ओर से 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि सीधे उनके बैंक खातों में प्रदान की जाएगी। इस राशि का उपयोग ये छात्र अपने वैज्ञानिक विचार को एक बेहतर मॉडल के रूप में विकसित करने के लिए करेंगे। खास बात यह है कि पिछले वर्ष के मुकाबले इस बार चयनितों की संख्या 118 से बढ़कर 121 हो गई है।
जिला समन्वयक प्रदीप कुमार यादव ने बताया कि बेहतर नवाचार के चलते इटावा ने प्रदेश भर में 17 वां स्थान हासिल किया है। यह सफलता विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच और शिक्षकों के सही दिशा-निर्देशन का परिणाम है। अब ये विद्यार्थी जिला स्तरीय प्रदर्शनी में अपने मॉडल्स का प्रदर्शन करेंगे।