इटावा। होली के बाद सोमवार को भी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ रही। कई ट्रेनों के देर से आने की सूचना ने जल्दी पहुंचने की चिंता को और बढ़ा दिया। दिल्ली से प्रयागराज जाने वाली होली स्पेशल ट्रेन सबसे ज्यादा देरी से आई। यह ट्रेन करीब 10 घंटे की देरी से चल रही थी। कई अन्य ट्रेनें भी देर से पहुंची, जिससे यात्रियों को काफी असुविधा हुई।
होली त्योहार पर छुट्टी पर आए लोगों का वापस जाने का सिलसिला जारी है। जहां एक तरफ रोडवेज बसों को यात्री नहीं मिल रहे हैं तो वहीं ट्रेन से जाने वाले यात्रियों की संख्या लगातार बनी हुई है। सोमवार को भी ट्रेनों के इंतजार में कई यात्री परिवार के साथ स्टेशन पर नजर आए। ट्रेनों के देर से आने के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा।
रेलवे जानकारी के अनुसार पुरी से आनंद विहार जाने वाली नीलांचल एक्सप्रेस एक घंटे से अधिक देर से आई। इसी तरह दिल्ली से प्रयागराज जाने वाली ट्रेन दो घंटे देर से पहुंची। नई दिल्ली से आने वाली गोमती एक्सप्रेस भी करीब दो घंटे की देर से पहुंची। अन्य ट्रेनें भी लेट रहीं जिससे यात्रियों को असुविधा रही।