इटावा। मंडलायुक्त डॉ. राजशेखर ने बुधवार को नगर पालिका परिषद इटावा के मड़ैया शिवनारायन वार्ड में स्वच्छता अभियान, पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान सफाई कर्मी वर्दी में नहीं मिले तो नाराजगी जताई और उन्हें वर्दी दिलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने सफाई कर्मियों से निधारित एरिया, वेतन भुगतान के संबंध में जानकारी प्राप्त की। कुछ लोगों ने सड़क पर कूड़ा एकत्र होने की शिकायत की। उन्होंने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को निर्देश दिए कि सड़क पर जाम न लगे कूड़ा का उठान समय से कराएं।
निरीक्षण के समय रामप्यारी ने नई पाइप लाइन से पानी के साथ बालू आने की शिकायत की। अधिकारियों ने बताया कि नई पाइप लाइन का काम चल रहा है। इसी कारण बालू आती है। यह कार्य मार्च तक पूर्ण हो जाएगा। इसके बाद सीवर ट्रीटमेंट प्लान का भी निरीक्षण किया। इस दौरान सीवर के पानी की साफ सफाई, सैंपल के संबंध में जानकारी करने पर बताया कि सैंपल आगरा भेजा जाता है। आगरा से रिपोर्ट एक सप्ताह में आती है। रिपोर्ट का रिकार्ड व्यवस्थित न पाए जाने पर इसे सही करने के के निर्देश दिए। इस अवसर पर डीएम श्रुति सिंह, संयुक्त विकास आयुक्त अभय कुमार शाही, सीडीओ राजा गणपति आर, अध्यक्ष नगर पालिका नौशाबा खानम, एडीएम ज्ञान प्रकाश श्रीवास्तव, एसडीएम सदर सिद्धार्थ, ईओ नगर पालिका अनिल कुमार उपस्थित रहे।