लवेदी। नगर पंचायत लखना बोर्ड की बैठक में सब्जी मंडी के बाहर दुकानें लगाकर किए गए अतिक्रमण को हटाने और नवनिर्मित दुकानों की खुली निलामी कराने के साथ अन्य प्रस्ताव पारित हुए।
चेयरमैन डॉ. समीर प्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि सर्दी के चलते नगर में अलाव की व्यवस्था कराई गई है। साथ ही रैन बसेरा कार्यालय परिसर में ही बनाया गया है। हर वार्ड में प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ कराया जा रहा है।
बैठक में सभासदों ने कहा कि सब्जी मंडी के बाहर सड़क पर सब्जी की दुकानें लगाई जा रही हैं। जिससे जाम की स्थिति बनी रहती है। इनके लिए अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने का प्रस्ताव पारित किया गया। मातन मुहाल में सड़क निर्माण के बाद पाइप लाइन लीकेज को सही कराने और सब्जी मंडी में बने शहीद स्मारक का जीर्णोद्धार कराने का प्रस्ताव पारित किया गया। यहां अधिशाषी अधिकारी देवेंद्र कुमार सिंह, अवर अभियंता राजेश दीक्षित, सभासद शिवकुमार सिंह, दिनेश यादव, आफताब अहमद, प्रदीप प्रधान, धर्मेंद्र चक, मंजू देवी आदि मौजूद रहे।