क्षेत्रीय प्रबंधक के कार्यालय में डंडा लेकर हमला करने जाते आरोपी। संवाद
- फोटो : ETAWAH
इटावा। रोडवेज स्टैंड के गेट पर अतिक्रमण कर बनाई गई चाय की दुकान को हटाने के विरोध में कुछ लोगों ने शुक्रवार को बुकिंग कार्यालय में घुसकर क्लर्क को पीटा दिया। बचने के लिए वह क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय में घुस गए, तो वहां हमलावरों ने दूसरे क्लर्क को भी पीटा और क्षेत्रीय प्रबंधक से गाली गलौज कर जान की धमकी दी। क्षेत्रीय प्रबंधक ने सोमवार को डीएम, एसपी को जानकारी दी तब तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद है।
सिटी मजिस्ट्रेट राजेंद्र प्रसाद और ईओ विनय कुमार मणि त्रिपाठी की मौजूदगी में शुक्रवार को बस स्टैंड तिराहा से अतिक्रमण हटाया गया था। रोडवेज बस स्टैंड के गेट पर चाय की दुकान भी अधिकारियों ने गिरवा दी थी। अधिकारियों के जाने के बाद कुछ लोगों ने बुकिंग क्लर्क के साथ मारपीट कर दी। क्लर्क क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय में पहुंच गए। हमलावर लाठी-डंडे लेकर वहां भी घुस गए और बचाने में दूसरे क्लर्क को भी पीटा दिया।
क्षेत्रीय प्रबंधक बीपी अग्रवाल ने बताया कि विरोध करने पर उनके साथ भी गाली-गलौज की गई। सहमे क्षेत्रीय प्रबंधक ने दो दिन बाद सोमवार को मामले की सूचना डीएम व एसएसपी को दी। कोतवाली पुलिस ने कौशलेंद्र तोमर और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ सरकारी कामकाज में बाधा पहुंचाने, मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। नया शहर चौकी इंचार्ज संजय कुमार दुबे को जांच सौंपी गई है।