इटावा। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 का संशोधित कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। इसके तहत मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन 17 नवंबर को होगा, जबकि दावे और आपत्तियां दाखिल करने के लिए 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक का समय निर्धारित किया गया है। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन चार जनवरी 2027 को किया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी बिपिन कुमार ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश और भारत निर्वाचन आयोग की ओर से पुनरीक्षण की विभिन्न गतिविधियों के लिए संशोधित समय सारिणी निर्धारित की गई है। इसके अनुसार मतदान केंद्रों के युक्तिकरण और पुनर्व्यवस्था का कार्य दो नवंबर तक पूरा किया जाना है। यह पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही रहेगा।
उन्होंने बताया कि 17 नवंबर को एकीकृत आलेख्य निर्वाचक नामावलियों का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, संशोधन कराने और अन्य आपत्तियों के लिए 16 दिसंबर तक आवेदन किए जा सकेंगे। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। इस कार्य की समय सीमा में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की सभी गतिविधियां एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर कराई जाएंगी। संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित समय सारिणी के अनुसार सभी कार्य समय से पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं।