संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। नगर पालिका का अतिक्रमण हटाओ अभियान केवल नालियों पर रखी पटिया और सीड़ियां हटाने तक सीमित रहा। शहर की व्यस्ततम सड़कों किनारे के अतिक्रमण पर ध्यान ही नहीं दिया गया। कई सड़कों किनारे अभी भी अतिक्रमण है। जिन क्षेत्रों में बुलडोजर चला भी, वहां फिर कब्जे हो गए हैं।
शहर में सबसे ज्यादा व्यस्ततम मार्ग रेलवे स्टेशन रोड, पक्का तालाब चौराहे से पुरबिया टोला कोतवाली चौराहा, राजागंज, होमगंज रोड, रामलीला रोड, गाड़ीपुरा बाजार, साबित गंज, रामगंज, तकिया आजाद गान, महेेरा चुंगी, प्रकाश हैं। इन क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाना तो दूर मुनादी तक नहीं कराई गई। सड़कों तक अतिक्रमण होने से इन क्षेत्रों में जाम की समस्या बनी रहती है। ईओ विनय कुमार मणि त्रिपाठी ने कहा कि पूरे शहर से अतिक्रमण हटाया जाएगा। रेहड़ी पटरी वालों के लिए वेंडिंग जोन बना दिया गया है। जिला कारागार वाली रोड, अंबेडकर चौराहा से विजय नगर रेलवे क्रासिंग वाले क्षेत्र में जल्द ही बोर्ड लगवाए जाएंगे। पार्किंग बनाने पर भी काम हो रहा है।
भूमाफिया पर कोई कार्रवाई नहीं
शहर में तमाम स्थान ऐसे हैं जहां नगर पालिका और नजूल की जमीन पर कब्जे हैं। नगर पालिका नेआज तक इन कब्जेदारों पर कार्रवाई का कोईप्लान नहीं बनाया है। शहर में महेरा चुंगी, रामनगर और विजय नगर में सरकारी तालाबों की जमीन पर बड़ी बड़ी इमारतें बनी है।
वेंडर जोन और पार्किंग अभी तक तय नहीं
जिलाधिकारी श्रुति सिंह ने पटरी रेहड़ी वालो के लिए अलग से वेंडर जोन बनाने के निदेश दिए हैं। इनमें रेहडी पटरी वालों को विस्थापित किया जाएगा।जिससे उनका रोजगार भी चलता रहेे और सड़कों पर आवागमन में कोई अवरोध भी पैदा न हो। इसके अलावा बाजार में पार्किंग स्थल तैयार करने के भी निर्देश दिए जा चुके हैं।
छैराहा पर चला अभियान
बुधवार को शहर के पचराहा छैराहा और टिक्सी मंदिर तिराहे तक अतिक्रमण अभियान चलाया गया। अभियान चलाने से पहले दुकानदारों को चेतावनी दी गई। ज्यादातर दुकानदारों ने जेसीबी पहुंचने से पहले ही नालियों से अतिक्रमण हटा लिया। जहां जहां अवैध निर्माण पाया गया उसे जेसीबी से ध्वस्त करा दिया गया।
पक्के तालाब चौराहे पर अतिक्रमण अभियान चलने के बाद फिर दुकान के बाहर टायर सजा दिए गए। संवाद- फोटो : ETAWAH