संवाद न्यूज एजेंसी
बसरेहर (इटावा)। चौबिया थाना क्षेत्र की किशोरी ने अपने एक रिश्तेदार व उसके बेटे के खिलाफ दुष्कर्म और रिश्तेदार की पत्नी के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी लेकिन वह हाथ नहीं आए।
किशोरी ने तहरीर में बताया कि तीन जुलाई दोपहर करीब 2:30 बजे रिश्तेदार घर पहुंचा। उसने किशोर की मां से कहा कि पत्नी की तबियत खराब है, देखरेख के लिए किशोरी को भेज दो। मां ने फोन पर गुजरात में नौकरी कर रहे किशोरी के पिता से बात की। इसके बाद रात में किशोरी को रिश्तेदार के साथ भेज दिया। किशोरी का आरोप है कि रिश्तेदार ने बसरेहर थाना क्षेत्र में अपने गांव के बाहर बाइक रोकी ली और उसे झाड़ियों में ले जाकर दुष्कर्म किया। इसके बाद घर ले गया।
किशोरी ने रिश्तेदार की पत्नी को जानकारी दी, उसने बदनामी का भय दिखाकर किसी को न बताने की चेतावनी दी। आरोप लगाया कि कमरे सोने के दौरान सुबह तीन बजे रिश्तेदार के बेटे ने भी दुष्कर्म किया। इसकी शिकायत फिर रिश्तेदार की पत्नी से की। इस पर तीनों ने मारपीट की और कार में डालकर ले जाने लगे। रास्ते में वह बेहोश हो गई। होश आने पर वह ट्रेन में थी। रोने पर यात्रियों ने जीआरपी के जवानों बुलाया।
जवानों ने आगरा में उतारकर चार जुलाई को पिता को फोन पर सूचना दी। पिता ने मां को फोन पर बताया। मां व मामा आगरा पहुंचे और उसे लेकर आए। बुधवार को गांव लौटने के बाद पिता और मां के साथ चौबिया थाने में शिकायत की। चौबिया थानाध्यक्ष जेपी सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जांच कर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।