सैफई। पीजीआई चौराहे पर अवैध वसूली न देने पर टेंपो चालक को एक पक्ष ने पीट दिया। इससे आक्रोशित टेंपो चालक सैफई थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव महोला निवासी अनुज कुमार ने बताया कि इटावा स्टेशन रोड निवासी संजू उनका टेंपो चलाता है। रविवार को वह टेंपो में सवारी बैठाकर सैफई से करहल जा रहा था। इस दौरान पीजीआई चौराहा पर सवारियां भरने के लिए टेंपो लेकर खड़ा था।
उसी दौरान टेंपो चालकों से अवैध वसूली कर रहे मंजन कुमार (निवासी नगला हिम्मत) और अंग्रेज सिंह (निवासी लक्षभाई) अपने अन्य साथियों के साथ आया और मारपीट कर टेंपो का शीशा तोड़ दिया।
धमकी देते हुए कहा कि हम थाने में रुपये देते हैं। अगर टेंपो चलानी है तो पैसा देना होगा। सैफई थाना प्रभारी मोहम्मद तारिक खान का कहना है कि किसी भी प्रकार से हमारे क्षेत्र में अवैध वसूली नहीं की जा रही है।
अगर कोई व्यक्ति थाने को बदनाम करने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है।