नए राशन कार्ड के लिए अभी लोगों को और इंतजार करना होगा। शासन ने डाटा अपडेशन में फोटो पहचान पत्र के साथ आधार और बैंक खाता को भी जोड़े जाने का फरमान दिया है। जबकि आलम यह कि अभी तक जिले में प्रचलित सभी 3,11,198 राशनकार्डों से फोटो पहचान पत्र का मिलान भी पूरा नहीं हो पाया है।
बताते चलें कि इस समय खाद्य एवं आपूर्ति विभाग पूरे जोरशोर से राशनकार्डों के अपडेशन में जुटा हुआ है। दफ्तर भी पूरी तरह से अपडेशन कार्य में लगे वेंडर कर्मियों के हवाले हैं। कुल प्रचलित राशनकार्डों को अभी तक वोटर आईडी के आधार पर अपडेट किया जा रहा था।
यानि उसी व्यक्ति का राशनकार्ड अपडेट हो रहा है। जिनका नाम वोटर आईडी और प्रचलित राशनकार्ड में समान है। यदि कोई भिन्नता पाई जाती है तो उसे दूर करने के प्रयास हो रहे हैं। यह प्रक्रिया इतनी जटिल रही कि पूरा एक साल गुजरने को है।
लेकिन अभी सिर्फ करीब दो लाख एपीएल राशनकार्डों में से 50 प्रतिशत दुरुस्त हो पाए हैं। जबकि बीपीएल के कुल करीब 76 हजार राशनकार्डों में 80 फीसदी और अंत्योदय के करीब 46 हजार में से 90 फीसदी अपडेट हो पाए हैं। अब फिर से शासन ने नया फरमान जारी कर दिया है।
खाद्य एवं रसद विभाग लखनऊ के आयुक्त ने गत 20 जनवरी को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि सभी राशन कार्डधारक अपना आधारकार्ड नंबर एवं बैंक खाते की सूचना राशन डीलर को अनिवार्य रूप से तत्काल उपलब्ध कराए। बैंक खाता राशनकार्ड मुखिया के नाम होना चाहिए।
इन निर्देश में यह भी जोड़ा गया है कि यदि आगामी मार्च तक यह जानकारी कार्डधारक के विवरण में शामिल नहीं होगी तो उसे राशन सामग्री मिलना कठिन होगा। साफ है कि यह कार्य इतनी जल्दी पूरा होने वाला नहीं है। अव्वल तो जिले में जो राशनकार्ड प्रचलन में हैं। उन सभी कार्डधारकों के पास आधारकार्ड नहीं हैं।
इनमें ऐसे लोग भी हैं, जिन्होंने आधारकार्ड के लिए रजिस्ट्रेशन करा रखा है। लेकिन अभी उन्हें आधारकार्ड उपलब्ध नहीं हुआ है। यहीं नहीं काफी संख्या में ऐसे लोग भी हैं, जिन्होंने अभी तक आधारकार्ड का रजिस्ट्रेशन भी नहीं कराया है।
इस बात से पूर्ति विभाग भी वाकिफ है।
विभाग से जुड़े लोगों की मानें तो इस संबंध में समय-समय पर शासन से जो निर्देश प्राप्त होंगे। उसके अनुसार ही प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। फिलहाल वोटर आईडी के आधार पर अपडेशन कार्य जारी है। ऐसे में राशनडीलरों के माध्यम से आधारकार्ड और बैंक खाता संख्या का विवरण भी उपलब्ध होगा तो संबंधित कार्डधारक के ब्योरे में शामिल किया जाता रहेगा। नए राशनकार्ड लोगों को कब तक मुहैया होंगे। विभाग शासन के अगले निर्देश पर निर्भर है।