दिल्ली पब्लिक स्कूल इटावा में वार्षिक खेल महोत्सव का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि प्रदेश के कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने ध्वजारोहण तथा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। खेलकूद प्रतियोगिताओं में रूबी हाउस विजेता रहा।
खेल महोत्सव की शुरुआत में विद्यालय के चारों हाउस रूबी, एमरल्ड, टोपाज व सफायर में शामिल खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट कर मुख्य अतिथि को सलामी दी। इसके बाद पदमश्री धनराज पिल्लई ने बच्चों को खेल भावना के साथ हिस्सा लेने की शपथ दिलाई।
विद्यालय के जूडो में नेशनल गोल्ड मेडलिस्ट अजय यादव को शिवपाल सिंह यादव ने मशाल जलाकर थमाई। अजय यादव मशाल को लेकर दौड़ा और आगे जाकर विद्यालय की राज्यस्तरीय बॉक्सिंग में गोल्ड मेडलिस्ट नैना यादव को थमाई, जो जलती मशाल को लेकर आगे बढ़ीं।
विद्यालय के चेयरमैन विवेक यादव, प्रधानाचार्य भावना सिंह, वाइस चेयरमैन प्रीती यादव, डॉ. विकास यादव, संत विवेकानंद के निदेशक प्रधानाचार्य डॉ. आनंद, एसएमजीआई के निदेशक डॉ. उमाशंकर व पूर्व छात्र संघ के अध्यक्ष आनंद यादव ने माल्यार्पण कर तथा प्रतीक चिंह्न भेंट कर अतिथियों का स्वागत किया।
विद्यालय की छात्र छात्राओं ने शिव वंदना पर बेहतरीन नृत्य प्रस्तुत किया। वार्षिक खेल महोत्सव के तहत छह वर्गों में एथलीट की विभिन्न प्रतियोगिताएं हुई । प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में बेस्ट एथलीट बालक वर्ग में रजित कुमार व बालिका वर्ग में मुस्कान मिश्रा रही।
प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में मोहम्मद आकिब व रोहित कुशवाह बालिका वर्ग में दीया श्रीवास्तव व अन्वेशा मिश्रा बेस्ट एथलीट रही। 100 मीटर दौड़ में जाफर व वैभव पाठक गोल्ड मेडलिस्ट रहे व 200 मीटर दौड़ में राजित कुमार गोल्ड मेडलिस्ट रहे। रिले रेस में एमरल्ड हाउस विजया रहा।
पूरी प्रतियोगिता में रूबी हाउस प्रथम, एमरल्ड हाउस द्धितीय, टोपाज हाउस तृतीय तथा फायर हाउस चौथे स्थान पर रहे। कार्यक्रम का संचालन शशि शेखर त्रिपाठी व सीमा त्रिपाठी ने किया। इस मौके पर राज्य मंत्री उमेश दीक्षित, राज्य मंत्री अशोक यादव, सदर विधायक रघुराज सिंह शाक्य, डीआईजी नीलाब्जा चौधरी मौजूद रहे।