वरिष्ठता विसंगति और नियमावली में संशोधन सहित अन्य
मांगों को लेकर अंतर्जनपदीय शिक्षकों ने कलक्ट्रेट में धरना दिया। माध्यमिक
शिक्षक संघ के साथ अन्य संगठन भी धरने में शामिल हुए।
कलक्ट्रेट
में वट वृक्ष के नीचे आयोजित धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष संजीव
कुमार यादव ने कहा ज्येष्ठता संबंधी विसंगति दूर कर बेसिक शिक्षा सेवा
अध्यापक नियमावली में संशोधन कर अंतर्जनपदीय स्थानांतरित शिक्षकों की
ज्येष्ठता उनकी मौलिक नियुक्ति तिथि में निर्धारित की जाए।
प्राथमिक
शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष विनोद यादव ने कहा कि इन शिक्षकों की मांग जायज है।
सरकार को इस ओर ध्यान देकर शीघ्र निस्तारित करना चाहिए। माध्यमिक शिक्षक
संघ जिलाध्यक्ष कवि कमलेश शर्मा ने कहा कि नियमानुसार किसी भी कर्मचारी या
शिक्षक की वरिष्ठता उसकी मौलिक नियुक्ति तिथि से ही अवधारित की जाती है।
राज्य
कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष दिलीप मिश्र ने सरकार के रवैये को
दुर्भाग्यपूर्ण बताया। शासकीय कर्मचारी परिसंघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष
बृजानंद शर्मा ने कहा कि जब भी सरकारों ने शिक्षक, कर्मचारियों के हितों की
अनदेखी की है तब तब ऐसी सरकारों का पतन हुआ है।
परिसंघ के प्रदेश
महामंत्री राजीव यादव ने सरकार को जल्द से जल्द अंतर्जनपदीय शिक्षकों के
साथ न्याय करने की मांग की। धरने को समाज कल्याण विकास संघ के जिलाध्यक्ष
राजेंद्र तिवारी, लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष रामप्रकाश पाल, जूनियर शिक्षक
संघ के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र दीक्षित ने भी संबोधित किया।
अंत में
मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा गया। साथ ही ऐलान किया कि अगर
28 अगस्त तक सरकार ने ठोस पहल नहीं की तो प्रदेश के अंतर्जनपदीय शिक्षक 31
अगस्त को विधानसभा का घेराव करेंगे।