बकेवर। आधे घंटे की आंधी और तेज हवा के साथ हुई बारिश के बाद बकेवर क्षेत्र के कई गांवों में 36 घंटे बीत जाने के बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। हालांकि, कस्बा क्षेत्र में 13 घंटे बाद बिजली आ गई थी, लेकिन ग्रामीण इलाकों में आपूर्ति मिलने में 26 घंटे का समय लग गया। देहात बिजलीघर के पांच फीडरों में से सिर्फ पटिया फीडर को छोड़कर शुक्रवार शाम तक अन्य फीडरों पर पूरी तरह आपूर्ति चालू नहीं हो सकी थी।
टाउन बिजलीघर को आने वाली 33 केवीए लाइन का फाल्ट ठीक न होने के कारण बकेवर के दोनों बिजलीघरों को देहात बिजलीघर की 33 केवीए लाइन से जोड़कर चलाया जा रहा था। बिजली निगम की टीम शुक्रवार शाम छह बजे तक टाउन की 33 केवीए लाइन को दुरुस्त करने में जुटी रही।
जेई बकेवर आशीष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि टकरुपुर 132 केवीए से आने वाली एक लाइन के खराब होने के कारण देहात की लाइन से ही दोनों बिजलीघरों को चलाया जा रहा था। शुक्रवार को दूसरी लाइन को ठीक कर लिया गया है, जिससे अब दोनों बिजलीघरों को अलग-अलग आपूर्ति कराई जा रही है। सराय जलाल फीडर में शुक्रवार दोपहर एक बजे तक बिजौली तक के गांवों की आपूर्ति चालू हो सकी थी। इसके आगे के गांवों में फाल्ट खोजने का काम जारी रहा।
वहीं, इस लाइन की आपूर्ति कुछ देर चलने के बाद दोबारा बाधित हो गई। जिन इलाकों में पोल टूटे हैं और नहीं मिल रहे हैं, उन्हें किनारे करके शेष आपूर्ति चालू कर दी गई है।