इटावा। उत्तर-मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल ने आगामी त्योहार को देखते हुए पूर्वा एक्सप्रेस का शकूरबस्ती तक 28 अक्तूबर से विस्तार किया गया। पहले यह ट्रेन हावड़ा से नई दिल्ली तक जा रही थी। 28 अक्तूबर से यह ट्रेन शकूरबस्ती तक जाएगी। यह जानकारी सीपीआरओ डॉ. शिवम शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि आगामी त्योहार को लेकर कई ट्रेनों का विस्तार किया गया है।
इसमें ट्रेन संख्या 12381 हावड़ा-नई दिल्ली पूर्वा एक्सप्रेस का शकूरबस्ती तक विस्तार किया गया है। 28 अक्तूबर से यह ट्रेन हावड़ा से नई दिल्ली की जगह शकूरबस्ती तक संचालित होगी। इस ट्रेन का इटावा जंक्शन पर रात नौ बजकर 34 मिनट पर ठहराव होता है। इस ट्रेन के शकूरबस्ती तक जाने से यात्रियों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी। (संवाद)
-
चेन पुलिंग से सात मिनट खड़ी रही कैफियत एक्सप्रेस
भरथना। भरथना-साम्हो रेलवे स्टेशन के बीच रविवार रात लगभग सवा दो बजे अप लाइन पर स्थित पोल संख्या 1134 के पास कानपुर से दिल्ली की ओर जा रही कैफियत एक्सप्रेस ट्रेन अचानक रुक गई। चेन पुलिंग करने वाला यात्री आरपीएफ के हाथ नहीं लगा। जांच के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया। इसके चलते ट्रेन सात मिनट तक मेन लाइन पर खड़ी रही। (संवाद)