नामांकन करने जाते कांग्रेस के सदर प्रत्याशी मोहम्मद राशिद
- फोटो : ETAWAH
इटावा। जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में मंगलवार को अंतिम दिन 12 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। इनमें जसवंतनगर से भाजपा प्रत्याशी विवेक शाक्य और इटावा से कांग्रेस प्रत्याशी राशिद खान शामिल हैं। कुल 38 नामांकन दाखिल हुए हैं। बुधवार को नामांकन पत्रों की जांच होगी। जांच और उसके बाद नाम वापसी की तिथि के बाद ही प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।
जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र से बुधवार को आम आदमी पार्टी के ज्ञानेश, निर्दलीय विश्वनाथ प्रताप सिंह, भाजपा के विवेक शाक्य और बहुजन अधिकारी पार्टी की मधु शामिल रहीं। भरथना से सम्यक पार्टी की भुवनेश कुमारी, आम आदमी पार्टी के सत्य नारायण, राष्ट्रीय बहुजन कांग्रेस पार्टी के शिवचंद्र सिंह और राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी के भूपेंद्र कुमार धनगर ने पर्चा भरा। इटावा से कांग्रेस के राशिद खान, निर्दलीय शरद भदौरिया, बहुजन मुक्ति पार्टी के भूप सिंह और प्रतिभा शाक्य ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन भरा। बुधवार को इटावा, भरथना और जसवंतनगर में चार-चार नामांकन दाखिल किए गए। जसवंतनगर में सबसे कम सात और इटावा में सबसे ज्यादा 19 नामांकन हुए हैं।
जसवंतनगर सीट से नामांकन दाखिल करते बीजेपी प्रत्याशी विवेक शाक्य- फोटो : ETAWAH