इटावा। बलरई क्षेत्र में भोगनीपुर गंग नहर में पुल के नीचे युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने उसका शव निकालकर मोर्चरी में रखवा दिया है और शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। शुरू कर दिया है। आशंका जताई जा रही है कि शव फिरोजाबाद की ओर से बहकर आने का अनुमान है।
शुक्रवार देर शाम कुछ लोगों को बलरई पुल के पास भोगनीपुर गंग नहर में फिरोजाबाद जनपद की ओर से एक युवती का शव बहकर आता हुआ दिखाई दिया। इसकी सूचना पर प्रभारी थानाध्यक्ष ललित कुमार मय पुलिस बल मौके पर पहुंचे और युवती का शव नहर से बाहर निकलवाया। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने मौके की जांच पड़ताल की। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 25 वर्ष व रंग गेहुंआ और कद लगभग पांच फीट के आसपास है। युवती के गर्दन व शरीर पर भी चोट के निशान प्रतीत हो रहे हैं। ऐसा अनुमान लगाया है कि दो-तीन दिन पहले युवती की हत्या कर नहर में डाल दिया गया होगा। युवती के शरीर पर मात्र एक लाल-नीली धारीदार टीशर्ट ही है। थाना प्रभारी ने बताया कि आसपास के लोगों से पूछताछ कर शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की गई, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। फिलहाल शव को 72 घंटे के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है।