खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। गोली लगने से चौबिया थाना प्रभारी मुकेश सोलंकी व क्राइम ब्रांच के सिपाही अरविंद घायल हो गए।
इटावा जिले में बसरेहर थाना क्षेत्र के लोहिया पुल के पास मंगलवार शाम बाइक से जा रहे भाई-बहन को तीन बदमाशों ने तमंचे के दम पर लूट लिया। घटना की सूचना पर चौबिया पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने बदमाशों की घेराबंदी की।
विज्ञापन
खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। गोली लगने से चौबिया थाना प्रभारी मुकेश सोलंकी व क्राइम ब्रांच के सिपाही अरविंद घायल हो गए। पुलिस की जवाबी फायरिंग में अंतरजनपदीय गैंग के तीनों लुटेरों के पैरों में गोली लगी है।
सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। औरैया के अछल्दा क्षेत्र के अंबरीश प्रताप अपनी बहन अनुपम को इलाज कराने के लिए बाइक से सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी लेकर गए थे। जहां से शाम करीब चार बजे घर लौट रहे थे।
विज्ञापन
लोहिया पुल के पास अपाचे बाइक से आए तीन बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक करके रोक लिया। इसके बाद बदमाशों ने उनके सिर पर तमंचे लगाकर जान से मारने की धमकी दी। बदमाशों ने अबंरीश व उनकी बहन से बाइक, बैग, अंगूठी, कानों के बाले व नगदी लूट ली।
इसके बाद तमंचे लहराते हुए भाग गए। घटना की सूचना युवक ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच की टीम और चौबिया थाना प्रभारी मुकेश सोलंकी ने बदमाशों की घेराबंदी की। इस पर बदमाश लूटी गई और अपनी बाइक लेकर खेतों में घुस गए।
इसके साथ ही पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। बदमाशों की गोली चौबिया थाना प्रभारी और क्राइम ब्रांच के सिपाही के हाथ में लग गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में तीनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और वह बाइक समेत खेतों में गिर गए।
इसके बाद पुलिस टीम ने तीनों को पकड़ लिया। मुठभेड़ की सूचना पर एसएसपी डा. बृजेश कुमार सिंह, एसपी ग्रामीण ओमवीर सिंह, सीओ सैफई मौके पहुंच गए। एसएसपी ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों के पास से तीन तमंचे, कारतूस, लूटी गई बाइक, अनुपम के जेवर, नगदी समेत सारा माल बरामद कर लिया गया है।
पकड़े गए लुटेरों मैनपुरी कोतवाली क्षेत्र के नगला मूरे निवासी मुधरेश, दलवीर और सल्लू का अंतरजनपदीय गैंग है। यह इटावा, औरैया, फर्रुखाबाद, मैनपुरी व आसपास के जिलों में लूट की वारदातों को अंजाम देते थे। तीनों को पकड़ लिया गया है। अस्पताल से छुट्टी होने के बाद तीनों को कोर्ट में पेश किया जाएगा। फिलहाल सभी को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है।
दोनों तरफ से चलीं गोलियों से फैली दहशत
मुठभेड़ के दौरान बदमाशों और पुलिस की तरफ से ताबड़तोड़ गोलियां चलीं। इससे क्षेत्र में दहशत फैल गई। खेतों पर काम कर रहे किसान जान बचाकर इधर-उधर भाग गए। एसएसपी ने बताया कि बदमाशों ने पुलिस टीम पर 12-15 फायर किए।
पुलिस ने जवाब में कई राउंड गोलियां चलाई हैं। मौके से कुछ खोखे बरामद भी किए गए हैं। जिस धान के खेत में मुठभेड़ हुई है, वहां पानी भरा है। इसलिए पुलिस टीम व बदमाश दोनों ही गिर गए थे। बुधवार को घटनास्थल पर खोखा कारतूसों की तलाश कराई जाएगी।