फोटो 02: पुलिस की गिरफ्त में तीन आरोपी। संवाद
= कचौरा बाईपास पर पुलिस ने लोडर समेत पांच सोलर पैनल किए बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
जसवंतनगर। पुलिस ने ग्राम नगला हुलासी के समीप किसान के खेत की सिंचाई के लिए लगाए गए सोलर पैनल चोरी का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के पांच सोलर पैनल बरामद किए हैं। तीनों आरोपी लोडर में पैनल लादकर बेचने के लिए ले जा रहे थे। पुलिस ने उन्हें कचौरा बाईपास पर घेराबंदी कर पकड़ लिया।
थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि 14 अगस्त की रात प्रधानमंत्री कुसुम योजना के तहत जारीखेड़ा रोड पर खेत में सिंचाई के लिए लगाए गए तीन हॉर्स पावर के पांच सोलर पैनल चोरी हो गए थे। इस मामले में नगला हुलासी निवासी अनिल कुमार की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। पुलिस तभी से मामले की छानबीन में जुटी थी। उन्होंने बताया कि सोमवार रात एसआई ललित चतुर्वेदी को सूचना मिली कि तीन लोग लोडर में चोरी के सोलर पैनल लेकर जा रहे हैं।
सूचना पर पुलिस टीम कचौरा बाईपास पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम अंकित कुमार उर्फ ललई, भूपेंद्र उर्फ रोहित तथा रविंद्र प्रताप निवासी हीरालाल, थाना जसवंतनगर बताए। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे किराये पर वाहन लेकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। यहां से तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया।