इटावा। जिले के आईटीआई प्रशिक्षित युवाओं के लिए रोजगार का बेहतर अवसर सामने आया है। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) इटावा में 12 जून को होंडा इंडिया पावर लिमिटेड की ओर से प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन होगा। कंपनी ट्रेनी के 80 पदों पर भर्ती करेगी।
राजकीय आईटीआई के प्रधानाचार्य अवधेश सिंह ने बताया कि प्लेसमेंट ड्राइव में फिटर, टर्नर, मशीनिस्ट, इलेक्ट्रिशियन, इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिक, मशीनिस्ट ग्राइंडर और पावर कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक ट्रेड से आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे। चयनित अभ्यर्थियों को 21 हजार रुपये प्रतिमाह सीटीसी के साथ कंपनी नियमों के अनुसार अन्य सुविधाएं भी मिलेंगी।
प्रधानाचार्य ने जिले के सभी राजकीय एवं निजी प्रशिक्षण संस्थानों से पात्र प्रशिक्षणार्थियों को प्लेसमेंट ड्राइव में शामिल होने के लिए प्रेरित करने की अपील की है। अभ्यर्थियों को अपने शैक्षिक प्रमाणपत्र और अद्यतन बायोडाटा के साथ उपस्थित होना होगा। भर्ती के लिए आयु सीमा 18 से 26 वर्ष निर्धारित की गई है।