इटावा। बोर्ड परीक्षा देकर घर लौट रहे छात्र की बाइक में गुरुवार शाम पिकअप ने टक्कर मार दी थी। हादसे में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे आयुर्विज्ञान विवि में भर्ती कराया गया। यहां उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
शहर की एकता कालोनी निवासी सूर्य प्रताप उर्फ निखिल (18) सुरजीत सुमन विद्यापीठ इंटर कॉलेज में 12 वीं कक्षा का छात्र था। बुधवार को वह बोर्ड की इंटर परीक्षा देने चंपानेर स्थित लाला राम इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर गया था। परीक्षा समाप्त होने के बाद देर शाम बाइक से लौट रहा था।
फर्रुखाबाद हाईवे पर फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र में दतावली नहर के पास बसरेहर की तरफ जा रही पिकअप ने ऑटो को ओवरटेक करते समय छात्र की बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सूर्य प्रताप पिकअप की बोनट पर जा टकराकर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसके सिर, कंधे और चेहरे पर गंभीर चोट आई। हादसे के बाद पिकअप को उसका चालक मौके से भगा ले गया था। मृतक के पिता सुरजीत सिंह निजी बस पर नौकरी करते हैं। थानाध्यक्ष अमित मिश्रा ने बताया कि टक्कर मारने वाली पिकअप की तलाश की जा रही है।