बैंक ऑफ बड़ौदा की न्यू कालोनी शाखा में 14.34 लाख रुपये गबन के आरोपी और लापता कैशियर का पांच दिन बाद भी कोई पता नहीं चल पाया है। घटना के दिन जमा हुए एक कारोबारी के 98 हजार रुपये उनके दो खातों में न पहुंचने का मामला सामने आने पर कैशियर के पिछले लेनदेन के बाउचर खंगाले जा रहे हैं।
बैंक ऑफ बड़ौदा की न्यू कालोनी शाखा के कैशियर संतोष कुमार पर 14 लाख 34 हजार 567 रुपये गबन करने का आरोप लगा है। उसके खिलाफ शाखा प्रबंधक ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई हुई है। नौरंगाबाद पुलिस चौकी इंचार्ज हर गोविंद वर्मा मामले की जांच कर रहे हैं।
दरअसल आरोपी कैशियर गत 15 नवंबर की शाम को कैश का मिलान कराए बगैर ही काउंटर छोड़कर चला गया था। रुपयों की गिनती हुई तो उसमें 14 लाख 34 हजार 567 रुपये कम पाए गए थे।
इस पर आरोपी कैशियर के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। अब पुलिस उसकी लोकेशन जानने के प्रयास में जुटी है। उसका मोबाइल नंबर भी सर्विलांस पर लगा हुआ है। ताकि कैशियर के सामने आने पर मामले का खुलासा हो सके। चौकी इंचार्ज ने बताया कि आरोपी कैशियर का मोबाइल स्विच है। इसलिए लोकेशन की जानकारी नहीं मिल पा रही।
बैंक की उक्त शाखा में गबन का प्रकरण सामने आने के तीसरे दिन शहर इटावा के एक कारोबारी नवीन गोयल की शिकायत से मामला और गंभीर हो गया। नवीन ने बैंक प्रबंधक को लिखित शिकायत में कहा है कि गत 15 नवंबर को ही उन्होंने बैंक में मौजूद अपने दो खातों में 50 हजार व 46 हजार रुपये जमा किए थे। उनके खातों में अब तक रकम नहीं पहुंची।
इस संबंध में बैंक प्रबंधक अनिल कुमार ने बताया कि इस शिकायत के आने के बाद कैशियर के पिछले लेनदेन की जांच हो रही है। कहीं कोई और गड़बड़ी तो नहीं की गई है। लिहाजा कैशियर के स्तर से हुए लेनदेन से जुड़े वाउचरों का मिलान खातों से किया जा रहा है।