बगिया में रखे ऑक्सीजन सिलेंडर।
- फोटो : अमर उजाला
फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत मोहल्ला श्यामनगर में एक बगिया में रखे ऑक्सीजन सिलेंडरों में से एक सिलेंडर शनिवार शाम को अचानक फट गया। इस हादसे से वहां मौजूद रिटायर्ड फौजी के चिथड़े उड़ गए। सिलेंडर के फटने से हुए धमाके से पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। लोग मौके की ओर दौड़े। सूचना पर फायर बिग्रेड भी मौके पर पहुंची। चूंकि किसी प्रकार की कोई आग नहीं लगी थी। लिहाजा सुरक्षा के तौर पर उन्होंने सिलेंडरों की जांच की। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में ले लिया है।
मोहल्ला श्यामनगर निवासी रिटायर्ड फौजी रामकिशन (56) पुत्र रामेश्वर दयाल ऑक्सीजन के सिलेंडरों का कारोबार करता है। घर के सामने स्थित बगिया में सिलेंडर रखे हुए थे। शनिवार शाम को रामकिशन कहीं से भागवत कथा सुनकर आया। करीब पौने सात बजे वह बगिया में आकर बैठ गया। अचानक सिलेंडरों में से एक सिलेंडर जोरदार धमाके से फट गया। सिलेंडर के फटने से रामकिशन के चिथड़े उड़ गए।
सिलेंडर फटने की आवाज इतनी तेजी से हुई कि पूरे मोहल्ले में अफरातफरी का माहौल कायम हो गया। यकायक तो लोग समझ ही नहंीं कि आखिर क्या हुआ। जानकारी हुई तो रामकिशन की बगिया की ओर दौड़ पड़े। घर से रामकिशन के परिजन भी आ गए। सूचना पुलिस व फायर बिग्रेड को दे दी गई।
सूचना पर सीओ सिटी शिवराज सिंह, एसओ फ्रेंडस कालोनी जेपी पाल, एसओ सिविल लाइन ज्ञानेंद्र सिंह व एसओ इकदिल आलोक राय मय फोर्स के मौके पर पहुंचे। फायर बिग्रेड की गाड़ी भी पहुंच गई। सुरक्षा के तौर पर फायर बिग्रेड के जवानों ने सिलेंडरों को चेक किया। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। इस संबंध में सीओ सिटी शिवराज सिंह ने बताया कि उक्त मामले में प्रारंभिक जांच पड़ताल के दौरान पता चला कि आक्सीजन गैस सिलेंडर कारोबार के संबंध में मृतक रिटायर्ड फौजी रामकिशन के पास लाइसेंस नहीं था और उसका कारोबार अवैधानिक रूप से चल रहा था।