बकेवर। गुड़गांव से कानपुर घर जा रहे कार सवार व्यक्ति को झपकी आने से कार का संतुलन बािगड़ गया और कार डिवाइडर से टकराती हुई दूसरी ओर जाकर पलट गई। कार पलटने से उसमें सवार व्यक्ति फंस गया। आसपास मौजूद लोगों ने पलटी कार को सीधा कर कार में फंसे व्यक्ति को बाहर निकालकर सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के सीएचसी महेवा भिजवाया।
कानपुरनगर के चकेरी थाना क्षेत्र के डिफेंस कालोनी निवासी माजिद खान पुत्र बचई गुड़गांव में मारुति कंपनी में कार्य करता है। शनिवार को वह गुडगांव से अपनी स्विफ्ट कार से कानपुर घर जा रहा था। बकेवर क्षेत्र में भरथना बाईपास ओवरब्रिज पर सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे कार चालक को झपकी आ जाने से कार का संतुलन बिगड़ गया और कार असंतुलित होकर डिवाइडर पार करती हुई दूसरी ओर जाकर पलट गई। कार पलटने से उसका एक्सल भी टूट गया और उसमें सवार घायल व्यक्ति कार में फंसा रह गया। हादसे से औरैया-इटावा मार्ग पर वाहनों का आवागमन कुछ देर के लिए रुक गया। आसपास काम कर रहे लोगों और राहगीरों ने कार में फंसे व्यक्ति को बाहर निकालकर कार को सीधा कर आवागमन शुरू कराया। राहगीरों की सूचना पर एसएसआई सुरेशचंद्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल माजिद खान को सीएचसी महेवा भिजवाया।