इटावा। जिला अस्पताल में आठ माह की मुस्कान को समाजसेेवियों ने रक्तदान कर जीवन दान दिया। मासूम को दुर्लभतम श्रेणी के ओ निगेटिव खून की जरूरत थी। खून न मिलने की वजह से जिंदगी मौत के बीच जूझ रही थी।
अलीगंज एटा के असदनगर निवासी एलकार सिंह की आठ माह की पुत्री मुस्कान काफी समय से खून की कमी के चलते बीमार थी। उसका एटा के अलीगंज में इलाज चल रहा था। यहां काफी तलाश के बाद भी ओ निगेटिव ग्रुप का खून न मिल पाने के कारण बच्ची के परिजन उसको शुक्रवार की शाम इटावा जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में भी खून उपलब्ध न होने से बच्ची की जान को खतरा बढ़ गया।
सोशल मीडिया पर मैसेज वायरल होने पर पहुंचे महादानी
ब्लड बैंक के एलटी (लैब टेक्नीशियन) अर्जुन सिंह ने सोशल मीडिया का सही इस्तेमाल करते हुए ओ निगेटिव खून डोनेट करने के लिए मैसेज वायरल किया। इसके बाद मीडिया ने भी व्हाट्सप्प ग्रुपों के माध्यम से मैसेज प्रसारित किया। पूर्व नगरपालिका चेयरमैन कुलदीप गुप्ता संटू ने ओ निगेटिव के डोनर सनी परमार को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। मैसेज देखकर पहले से ही शहर के कटरा सहाब खां के निवासी युवक मोहमद शोएब अख्तर बच्ची के लिए अपना खून दान कर चुके थे। मैसेज पढ़कर एक और युवा डोनर लोकेश कुकरेजा भी अपना खून देने यहां पहुंचे। शोएब ने ईद पर रक्तदान कर बच्ची की जान बचाई। ब्लड बैंक के लैब टेक्नीशियन अर्जुन सिंह ने शोएब अख्तर, पूर्व नगरपालिका चेयरमैन कुलदीप गुप्ता, संटू, लोकेश कुकरेजा के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।