फोटो: 40 सांसद जितेंद्र दोहरे को ज्ञापन देते उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारी। स्रोत-संगठन
- फोटो : credit
इटावा। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल ने व्यापारियों की समस्याओं को लेकर सांसद जितेंद्र दोहरे को प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में छोटे व्यापारियों, फुटकर दुकानदारों, रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों व पारंपरिक बाजार से जुड़े व्यापारियों की समस्याओं को रखा गया। ज्ञापन में व्यापार मंडल ने कहा है कि इस समय ऑनलाइन व्यापार के अनियंत्रित एवं असंतुलित विस्तार के कारण देश के छोटे एवं मध्यम व्यापारियों का व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हो गया है, छोटे व्यापारी इससे खत्म होते जा रहे हैं।
नियमानुसार प्रतिस्पर्धा-विरोधी समझौते एवं प्रभुत्व के दुरुपयोग पर प्रतिबंध है, लेकिन व्यवहार में प्रमुख ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म भारी छूट, चयनात्मक विक्रेताओं को प्राथमिकताओं से असमान प्रतिस्पर्धा उत्पन्न हो रही है। विदेशी पूंजी के बल पर अत्यधिक छूट एवं घाटे में बिक्री से छोटे एवं मध्यम व्यापारियों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता प्रभावित हो रही है।
ज्ञापन में प्रधानमंत्री से संयुक्त नियामक तंत्र का गठन किए जाने की मांग की। इसके साथ ही मूल्य निर्धारण नीतियों पर सीसीआई की निगरानी व पूर्व स्वीकृति व्यवस्था लागू करने की मांग की गई। पंजीकृत छोटे व्यापारियों को आयुष्मान जैसी स्वास्थ्य बीमा योजना एवं आपदा राहत सहायता प्रदान की जाए।
ज्ञापन देने वालों में व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष कृष्ण मुरारी गुप्ता, जिला के महामंत्री सदाशिव श्रीवास्तव, विनीत अग्रवाल, अखिलेश शर्मा, राजेश अग्रवाल, संतोष सोनी, लाइन पार अध्यक्ष शिव शरण गुप्ता, राजीव अग्रवाल, गिरिजा शंकर गुप्ता, कपिल गुप्ता, रिंकू यादव आदि शामिल रहे।