भरथना। इटावा-भरथना मुख्य मार्ग पर हथनौली गांव के पास मंगलवार शाम एक ट्रैक्टर व ऑटो की टक्कर में युवक की मौत हो गई। दो लोग घायल हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
भरथना थाना क्षेत्र के मोहल्ला कल्याण नगर निवासी अनूप सक्सेना उर्फ सोनू (32) पुत्र श्याम सक्सेना मंगलवार शाम इटावा से ऑटो पर सवार होकर भरथना लौट रहे थे।
इटावा-भरथना मुख्य मार्ग पर हथनौली गांव के पास एक ट्रैक्टर से ऑटो की टक्कर हो गई। अनूप गंभीर घायल हुए। धौलपुर राजस्थान निवासी राजू और सत्यवीर सिंह को भी चोट लगी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने अनूप को सैफई मेडिकल कालेज और राजू व सत्यवीर को जिला अस्पताल भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद राजू और सत्यवीर को घर भेज दिया गया।
वहीं सैफई मेडिकल कालेज में देर रात इलाज के दौरान अनूप की मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि मृतक ट्रेन में सामान की बिक्री कर परिवार का भरण पोषण करता था।
परिवार में पत्नी नीतू, एक पुत्र व एक पुत्री हैं। प्रभारी निरीक्षक कासिफ हनीफ ने पंचनामा भर शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को शव सौंप दिया।