इटावा। इटावा सफारी पार्क की सैर अब आप अपनी कार से भी कर सकते हैं। भीषण गर्मी को देखते हुए सफारी प्रशासन ने निजी कारों को चारों सफारी तक ले जाने की अनुमति दे दी है। सैलानियों को टिकट के अलावा एक हजार रुपये कार का शुल्क देना होगा।
सफारी में अभी तक सैलानियों को अधिगृहीत बसों और खुली जीपों (जनोन) से सैर कराई जा रही थी। हाई प्रोफाइल सैलानी भी इन्हीं वाहनों में सफारी का भ्रमण करते थे। इन सैलानियों को बसों या जीपों में घूमने में दिक्कत महसूस होती थी। इसे देखते हुए समिति की बैठक में उप निदेशक ने सफारी में निजी कारों को प्रवेश देने का प्रस्ताव रखा था। प्रस्ताव का समिति ने मंजूरी दे दी। इसके बाद बुधवार से निजी कारों को सफारी में प्रवेश दिया जाने लगा है। दो दिन में पांच ग्रुपों ने निजी कारों से सफारी का भ्रमण किया। सफरी के उपनिदेशक अरुण सिंह ने बताया कि सफारी में कार ले जाने के लिए एक हजार रुपये भुगतान करना होगा। प्रत्येक कार के साथ एक गाइड भी भेजा जाएगा। कार सवार प्रति व्यक्ति 200 रुपये का टिकट पहले की तरह लेना होगा। उन्होंने कहा कि निजी कारों को प्रवेश की अनुमति से सैलानी बढ़ने की उम्मीद है।
सफारी में दो बसें, दो जनोन
सैलानियों को भ्रमण कराने के लिए सफारी में दो 23 सीटर बसें और
नौ सीटर दो जनोन (खुली जीप) हैं। तीन निजी बसों से अनुबंध भी किया गया है। ये बसें भीड़ बढ़ने पर बुलाई जाती हैं। जनोन का किराया दो हजार रुपये है।
सफारी में 17 बब्बर शेर, एक बाघिन
इटावा सफारी में 17 बब्बर शेर, तीन भालू, 82 काले हिरण, दो नील गाय, 13 सांभर, 48 चीतल, नौ तेंदुए और एक बाघिन है।