लवेदी। ईश्वरीपुर बंबा से लखना-चकरनगर मार्ग तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य में पिछले करीब 20 दिनों से काम पूरी तरह ठप पड़ा हुआ है। सड़क के दोनों ओर खुदाई किए जाने के बाद निर्माण कार्य रोक दिए जाने से वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर रात के समय आवागमन बेहद जोखिम भरा हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के दोनों किनारों पर गहरे गड्ढे और कई स्थानों पर अधूरी पड़ी गिट्टी के कारण रोजाना छोटे-बड़े वाहन फिसल रहे हैं। हरदिन एक-दो वाहन कच्चे हिस्से पर उतरकर असंतुलित हो रहे हैं और पलटने की घटनाएं सामने आ रही हैं। राहगीर रामकुमार और राजेश ने बताया कि पिछले दो दिनों से हुई हल्की बारिश ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है।
खुदाई वाले हिस्सों तथा गिट्टी के नीचे की मिट्टी नरम होकर दलदल जैसी हो गई है। ऐसे में जैसे ही कोई वाहन सड़क से नीचे उतरता है, उसके पहिए मिट्टी में धंस जाते हैं और दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। वहीं पीडब्ल्यूडी के जेई हिंद मोहन ने बताया कि ठेकेदार को कई बार कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए जा चुके हैं। जल्द ही खुदाई वाले हिस्सों में गिट्टी डालकर सड़क को समतल कराया जाएगा और निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराया जाएगा, ताकि लोगों को राहत मिल सके।