इटावा। पशु उपचार, पशु पालकों के द्वार के तहत रविवार को दो मोबाइल वेटरनरी यूनिट (एमवीयू) वैन को विकास भवन से रवाना किया गया।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुमार गुप्ता ने बताया कि इसके जरिये पशुपालकों की एक कॉल पर मवेशियों का उपचार किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिले में पांच लाख 32 हजार पशुओं पर पांच वैन मिली हैं। प्रत्येक एमवीयू में एक डॉक्टर, कर्मचारी व चालक शामिल हैं। पशु पालकों को पशुओं का इलाज कराने के लिए टोलफ्री हेल्पलाइन नंबर 1962 पर कॉल करनी होगी। वैन संबंधित क्षेत्र में पहुंचेगी और इलाज शुरू कर देगी। सुबह 10 बजे से लेकर रात आठ बजे तक कॉल की जा सकती है।
कैंप का समय सुबह आठ बजे से लेकर दोपहर दो बजे तक है। पशु पालक गाय, भैंस, बकरी और कुत्ते का इलाज करा सकते हैं। इसके लिए उन्हें पांच से दस रुपये फीस जमा करनी होगी।
रविवार को सदर विधायक सरिता भदौरिया व सीडीओ प्रणता एश्वर्या ने एमवीयू को रवाना किया। इसमें डॉ. राजेंद्र सिंह कुशवाहा व डॉ. शैलेंद्र सिंह शामिल रहे। इस अवसर पर नोडल अधिकारी आरके त्रिपाठी, बादाम सिंह, अनिल त्रिपाठी, अखिलेश यादव, डॉ. हर्षवर्धन, डॉ. शिवहरे, डॉ. मंजू दोहरे आदि कर्मचारी मौजूद रहे।