इटावा। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल की परीक्षा में सोमवार को
दूसरे की जगह परीक्षा देने एक किशोर (मुन्ना भाई) को पकड़ा गया। दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। नाबालिग होने के कारण नोटिस तामील कराकर दोनों को घर भेज दिया गया।
प्रहलाद स्मारक इंटर कालेज चौपुला के कक्ष संख्या नौ की कक्ष निरीक्षक ने एक परीक्षार्थी से उपस्थिति पत्रक पर हस्ताक्षर कराए। 24 मार्च के हस्ताक्षर से भिन्नता होने पर केंद्र व्यवस्थापक जगदीश सिंह यादव को जानकारी दी। इसी बीच जिला विद्यालय निरीक्षक राजू राणा के नेतृत्व में गठित सचल दल भी पहुुंच गया। सचल दल में शामिल प्रधानाचार्य विजय सिंह यादव ने परीक्षार्थी का प्रवेश पत्र देखा, तो परीक्षार्थी पकड़ा गया।
छात्र की जगह दूसरा किशोर परीक्षा दे रहा था। परीक्षा चित्रकला विषय की थी। केंद्र व्यवस्थापक ने छात्र और उसके स्थान पर परीक्षा देने वाले के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। थानाध्यक्ष अंकुश राघव ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर दोनों छात्रो को हिरासत में लिया गया था। नाबालिग होने के कारण नोटिस तामील कराकर घर भेज दिया गया।
दोनों पालियों में 1817 ने छोड़ी परीक्षा
इटावा। प्रथम पाली में सोमवार को हाईस्कूल में कला एवं इंटर में भूगोल, कंप्यूटर, व्यावसायिक अध्ययन, व्यापारिक संगठन एवं गृहविज्ञान की परीक्षा हुई। प्रथम पाली में 1731 और द्वितीय पाली में 86 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। दोनों पालियों में 1817 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। सचल दल प्रभारी प्रधानाचार्य बबिता ने राम अवतार इंटर कॉलेज निवाड़ीकलां, तेज सिंह इंटर कॉलेज सुमनबिहार सिरकौरा, आरके इंटर कॉलेज साम्हो, गिरवर सिंह रामनरेश इंटर कॉलेज साम्हों, बलबंत महाराज सिंह इंटर कॉलेज साम्हों, मां शारदा इंटर कॉलेज बन्नाह पक्काताल ढकपुरा भरथना इटावा का निरीक्षण किया।
मान्यता होगी प्रत्याहरित
इटावा। जिला विद्यालय निरीक्षक राजू राणा ने बताया कि कतिपय वित्तविहीन विद्यालयों ने शिक्षकों का त्रुटिपूर्ण डाटा साफ्टवेयर पर फीड कर दिया गया है। इससे परीक्षा में ड्यूटी लगाने में विसंगति हुई है। जिन स्कूलों के शिक्षक ड्यूटी करने नहीं पहुंचे हैं, उन स्कूलों की उनके मान्यता प्रत्याहरण की कार्यवाही की जाएगी। (संवाद)