सिविल लाइन में बना सपा सुप्रीमो का नया घर
- फोटो : अमर उजाला
सिविल लाइन क्षेत्र में शुक्रवार को सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह के नवनिर्मित आवास का गृह प्रवेश समारोह धूमधाम से हुआ। गृह प्रवेश के इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव उनकी पत्नी सांसद डिंपल यादव, लोक निर्माण मंत्री शिवपाल सिंह व उनकी पत्नी सरला यादव सहित परिवार के सभी लोग शामिल रहे। गृह प्रवेश के मौके पर सपा सुप्रीमो की नव निर्मित कोठी की बाहर से अंदर तक देशी-विदेशी फूलों से की गई भव्य सजावट देखते ही बन रही थी।
250 अतिथियों के बैठने के लिए लॉन में व्यवस्था की गई थी। जबकि सपा सुप्रीमो के परिजनों के लिए कोठी के मुख्य हाल में बैठने का इंतजाम था। सुबह 9:30 बजे सबसे पहले सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव अपने नए आवास में पहुंचे। इसके बाद लोक निर्माण मंत्री शिवपाल सिंह यादव पहुंचे। करीब 10:15 बजे मुख्यमंत्री अखिलेश सिंह यादव पत्नी सांसद डिंपल यादव के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे।
इसके बाद हवन पूजन कर घर की चौखट पर नारियल फोड़ कर मुलायम सिंह ने परिवार के सभी सदस्यों के साथ नए घर में प्रवेश किया। गृह प्रवेश समारोह में सपा सुप्रीमो के भाई राजपाल सिंह यादव, अभयराम यादव, ब्लाक प्रमुख बसरेहर अजंट सिंह यादव, सांसद तेज प्रताप यादव, पीसीएफ चेयरमैन अंकुर यादव, लोनिवि मंत्री शिवपाल सिंह यादव की पत्नी सरला यादव, ब्लाक प्रमुख मृदुला यादव, मुलायम सिंह के बेटे प्रतीक यादव व उनकी पत्नी अपर्णा यादव, आयुष विभाग के चेयरमैन केपीसिंह चौहान, सांसद दर्शन सिंह यादव, रामनरेश यादव मिनी, उमेश दीक्षित, विधायक रघुराज सिंह शाक्य, सुखदेवी वर्मा, पालिका चेयरमैन कुलदीप गुप्ता व गोपाल यादव आदि मौजूद रहे।