इटावा। सदर कोतवाली क्षेत्र के सती मोहल्ला में बुधवार सुबह मां ने मोबाइल चलाने से मना किया तो 15 वर्षीय सलोनी सिंह ने कमरे में फांसी लगा ली। परिजनों की मदद से पुलिस ने दरवाजा तोड़कर छात्रा को फंदे से नीचे उतारा और जिला अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सती मोहल्ला निवासी शिवनाथ सिंह पक्का तालाब स्थित विरंगना अवंति जूनियर स्कूल में प्रधानाध्यापक हैं। इनकी छोटी बेटी सलोनी इंटर की छात्रा थी। शिवनाथ ने बताया कि बुधवार सुबह वह और बड़ी बेटी चित्रा स्कूल गए थे।
घर में पत्नी मीरा व छोटी बेटी थी। सलोनी सुबह मोबाइल चला रही थी। यह देख पत्नी ने उसे डांट दिया और इंटर की परीक्षा करीब आने पर पढ़ाई करने को बोला। इस बात से नाराज होकर सलोनी कमरे में गई और टीवी खोल लिया।
दरवाजा बंद कर पंखे पर दुपट्टे से फांसी लगा ली। पत्नी ने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो बेटी फांसी पर लटकी थी। जानकारी पर परिजन व पुलिस मौके पर पहुंचे। हथौड़ी व ईट से दरवाजा तोड़कर उसे फंदे से उतारकर जिला अस्पताल ले गए, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सदर कोतवाल बचन सिंह सिरोही ने बताया कि मोबाइल न चलाकर पढ़ाई करने की बात किशोरी की मां ने उससे कही थी, इस बात से नाराज होकर किशोरी ने फांसी लगा ली। तहरीर मिलने पर मामले में कार्रवाई की जाएगी।