बकेवर। थाना क्षेत्र में मंगलवार रात गेस्ट हाउस संचालक और फर्नीचर कारीगर के घर से चोर जेवर व नगदी समेत लाखों का माल ले गए। वारदात के बाद चोर दोनों घरों के दरवाजों में बाहर से कुंडी भी लगा गए। गुरुवार सुबह नींद खुलने पर घरवालों को घटना की जानकारी हुई।
कस्बे के हाफिज नगर निवासी गेस्ट हाउस संचालक आफताब खान मंगलवार रात को परिवार के साथ मकान की ऊपरी मंजिल पर बने कमरे में सो रहे थे। उनके ताऊ आजाद खान परिवार के साथ मकान के निचले हिस्से में सो रहे थे।
तभी देर रात छत के रास्ते से चोर उनके घर में घुस आए और एक कमरे का ताला तोड़ दिया। कमरे में रखे बक्शों से चोर 80 ग्राम सोने व पांच सौ ग्राम चांदी के जेवरात ले गए। आफताब ने बताया कि घटना के वक्त किसी को भी चोरों के आने-जाने की आहट नहीं लगी।
वारदात के बाद चोर बाहर से कमरों के दरवाजों की कुंडी बंद करके भाग गए। सुबह पड़ोसी जफर के कुंडी खोलने के बाद वह लोग कमरे से बाहर निकल सके। आफताब के मुताबिक चोर पांच लाख रुपये से ज्यादा का माल ले गए हैं।
उधर, शास्त्री नगर निवासी फर्नीचर कारीगर सगीर खान के घर से भी चोर सोने-चांदी के जेवरात ले गए। घटना के समय सगीर परिवार के साथ भरथना में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। बुधवार सुबह घर लौटने पर उन्हें घटना की जानकारी हुई।
चोरों ने इसी मोहल्ले में रहने वाले नगर पंचायत के कर्मचारी आसिफ खान के घर में भी धावा बोला। परिजनों के जागने पर वहां से कुछ नहीं ले जा सके, लेकिन कमरों के दरवाजों में बाहर सेे कुंडी लगाकर भाग गए। थाना प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दो घरों में चोरी व एक घर में चोरी के प्रयास की जानकारी मिली है, लेकिन अभी तक किसी ने तहरीर नहीं दी है।