बकेवर। कस्बा लखना के सब्जी मंडी मुहाल में रखा 400 केवीए ट्रांसफार्मर पर बंदर कूद पड़ा। इससे करंट की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई। बंदर के चिपक जाने से फाल्ट हो गया और तीन इलाकों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। मोहल्ला मान खां, गंज मुहाल व मुख्य बाजार के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
तालाब मुहाल में 400 केवीए का बिजली ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। शनिवार दोपहर ट्रांसफार्मर से चिपककर बंदर मर गया। फाल्ट से ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण दोपहर भर लोग गर्मी से बेहाल रहे। शनिवार दोपहर से खराब हुआ ट्रांसफार्मर रविवार को भी ठीक नहीं हो सका। लाइन मेन प्रेम कुशवाहा, आलोक यादव, रामवीर आदि रविवार को भी ट्रांसफार्मर ठीक करने में लगे रहे। जेई रामसेवक ने बताया कि बंदर के चिपकने से ट्रांसफार्मर फुंक गया है इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।