बसरेहर (इटावा)। गंगापुरा बिठौली में सोमवार रात संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत हो गई। मायकेवालों को शव घर के बाहर चारपाई पर पड़ा मिला। जांच में पुलिस को शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। चचेरे भाई ने पति, ससुर समेत सात लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाकर तहरीर दी है।
चकरनगर थाना क्षेत्र के नगला चौप निवासी सुरजीत ने बताया कि चचेरी बहन सपना (22) की शादी अप्रैल 2021 में गंगापुर बिठौली के अमित कुमार के साथ की थी। सपना के पिता अशोक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। सुरजीत के अनुसार सोमवार को सपना ने फोन पर ससुराल द्वारा पिटाई करने की सूचना दी थी। मंगलवार सुबह छह बजे ग्रामीणों ने सूचना दी कि सपना ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।
सुरजीत और परिवार के लोग गंगापुर बिठौली पहुंचे। सपा का शव घर के बाहर चारपाई पर पड़ा था, पति और ससुर घर पर नहीं थे। मायकेवालों की सूचना पर चौबिया थाने की पुलिस ने जांच की। सपना के गले में और शरीर पर चोटों के निशान मिले। चाचा अनिल कुमार ने सपना के पति, ससुर सहित सात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। ससुरालीजनों ने बताया कि सपना ने फांसी लगा ली थी, उसे फंदे से उतारकर अस्पताल ले गए थे, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया था।