सैफई की सरजमीं पर भले ही आईपीएल नहीं आईजीसीएल का आयोजन हुआ हो, लेकिन वह किसी मायने में आईपीएल से पीछे नहीं रहा। टूर्नामेंट का आगाज और समापन बिल्कुल आईपीएल के अंदाज में हुआ। बॉलीवुड कलाकारों के साथ चीयर्स गर्ल्स ने ग्लैमर का तड़का लगाया।
आईजीसीएल के समापन समारोह की एंकरिंग आईपीएल को होस्ट करने वालीं निकिता आनंद ने की। चीयर्स गर्ल्स ने अपना जलवा बिखेरा जो आईपीएल में देखने को मिलता है। मुन्नी बदनाम हुई... गीत से ख्याति प्राप्त करने वाली ममता शर्मा ने स्टेडियम में आते ही अनारकली डिस्को चली... सुनाकर दर्शकों में उत्साह भरा।
इसके बाद उन्होंने ...टिंकू जिया, ...नाचेगी पिंकी, ...फेविकोल, थाने में बैठे ऑन ड्यूटी पांडेय जी... जैसे गीत सुनाकर स्टेडियम में मौजूद युवाओं को थिरकने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने चीयर्स गर्ल्स के साथ ठुमके भी लगाए। यह देख युवाओं में जोश इस कदर बढ़ा कि पुलिस को उन्हें कंट्रोल करना पड़ा।
इसके बाद स्टेडियम में बॉलीवुड सिंगर बादशाह सिंह की एंट्री हुई। उन्होंने जैसे ही माइक संभाला स्टेडियम उनके गीतों पर झूम उठा। आते ही उन्होंने गीत मैं सुपर मैन, सलमान का फैन...सुनाकर माहौल को गर्म कर दिया। इसके बाद उन्होंने अंटी पुलिस बुला लेगी...। तेरे फोटो को सीने से यार... आदि गीत सुनाए।
बच्चों सहित मौजूद रहे सीएम
एथलेटिक्स स्टेडियम में आईजीसीएल के फाइनल मैच की शुरुआत दोपहर करीब 12 बजे हुई। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव वहां पहुंच गए। उन्होंने पूरे मैच का आनंद लिया। करीब पौने चार बजे समापन समारोह शुरू हुआ। इसी बीच मुख्यमंत्री की पत्नी डिंपल यादव व बच्चे भी स्टेडियम पहुंच गए।
सभी ने कार्यक्रम का आनंद लिया। इसके बाद उन्होंने विजेता व उपविजेताओं को ट्राफी व पुरस्कार राशि भेंट की। मुख्यमंत्री करीब साढे़ चार घंटे स्टेडियम में मौजूद रहे। उनके साथ सांसद प्रो. रामगोपाल यादव, सांसद धर्मेंद्र यादव, सांसद तेजप्रताप सिंह आदि भी बराबर मौजूद रहे।