सैफई (इटावा)। सैफई महोत्सव के तहत एथलेटिक्स स्टेडियम में चल रहे इंडियन ग्रामीण क्रिकेट लीग (आईजीसीएल) का बुधवार को फाइनल मैच के साथ समापन हो गया। मुकाबले में जावेद क्रिकेट एकेडमी फिरोजाबाद की टीम ने टाइगर क्रिकेट क्लब बीकेडी लखनऊ को 84 रन से हराकर ट्राफी पर कब्जा किया।
मुख्यमंत्री ने विजेता व उपविजेता टीम को ट्राफी व इनामी राशि देकर सम्मानित किया। विजेता को दो लाख रुपये तथा उपविजेता को एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। फिरोजाबाद के बल्लेबाज शोभित यादव को टूर्नामेंट में पहला शतक लगाने पर 51 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया।
बुधवार को हुए फाइनल मुकाबले में टॉस टाइगर क्लब के कप्तान संजीव ने जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। बैटिंग करने उतरी जावेद क्रिकेट एकेडमी फिरोजाबाद की टीम ने 16 ओवरों में 172 रन बनाकर जीत के लिए 173 रन का लक्ष्य रखा। शोभित यादव 103 रन बनाकर नाबाद रहे।
उन्होंने 51 गेंद पर सात चौके व 9 छक्कों की मदद से 103 रन बनाए। टीम की ओर से रोहित शर्मा ने 20 गेंद पर 14 रन बनाए। जीशान ने 6 गेंद पर 10 रन, मुकेश यादव ने सात गेंद पर 10 रन, योगेश ने 6 गेंद पर 11 रन बनाए। जबकि उपेंद्र पाल 3 गेंद पर आठ रन बनाकर नाबाद रहे।
जवाब में उतरी टाइगर क्लब बीकेडी लखनऊ की टीम की शुरूआत ही खराब रही। टीम 13 ओवर में 88 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टाइगर टीम की ओर से जितेंद्र ने 24 गेंद पर सर्वाधिक 33 रन बनाकर नाबाद रहे। इसके अलावा मनीश यादव ने दो, सिद्धार्थ ने शून्य, दीपक शर्मा ने 6, हरीश ने दो, अमित सिंह शून्य, दीपू गेल ने 3, नितिन ने दो, संजीव ने 14, अतुल ने एक तथा आलोक वर्मा ने 9 रन बनाए।
बीकेडी टीम की ओर से दीपू गेल ने दो विकेट तथा आलोक वर्मा, दीपक शर्मा, अतुल ने एक-एक विकेट लिया। जबकि विजेता टीम की ओर से जावेद ने दो विकेट, योगेश ने चार और मुकेश यादव ने एक विकेट लिया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, सांसद प्रो. रामगोपाल यादव, सांसद धर्मेंद्र यादव, सांसद तेजप्रताप सिंह यादव ने विजेता व उपविजेता टीम को ट्राफी प्रदान की।
विजेता टीम को दो लाख तथा उप विजेता टीम को एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि सौंपी। मैन ऑफ द सीरीज टाइगर क्लब बीकेडी के दीपक शर्मा को चुना गया। उन्हें 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। इसके साथ ही शानदार शतक लगाने वाले फिरोजाबाद टीम के सुमित यादव को मैन ऑफ द मैच का खिताब दिया गया। इस दौरान सांसद डिंपल यादव, आईजीसीएल के चेयरमैन अनुराग भदौरिया सहित कमेटी के पदाधिकारी उपस्थित रहे।