इटावा। लोहड़ी की रौनक बृहस्पतिवार की रात में फर्रुखाबाद फाटक स्थित गुरुद्वारे में देखने को मिली। शाम होते ही सिख समाज के लोग सपरिवार गुरुद्वारा पहुंचे और गुरु साहिब के दरबार में माथा टेकने और अरदास किया।
इसके बाद लोहड़ी जलने के बाद सभी ने परिक्रमा की। इस पर्व का उत्साह सुबह से देखने को मिलने लगा था। बच्चों ने घर-घर जाकर लोगों से लोहड़ी मांगी।
उमंग और उत्साह के मौके पर छोटे-छोटे बच्चे टोलियां बनाकर उन घरों में पहुंचे जहां हाल ही में शादी हुई अथवा जिनके यहां संतान हुई। घरों पर पहुंचे बच्चों को गुड़, मूंगफली, मक्का के दाने एवं नकद धनराशि लोहड़ी के गीत सुनाने के बाद दी गई।
बच्चों ने लोहड़ी गीत सानूं देओ लोहड़ी त्वाड़ी जीवे जोड़ी सुनाकर लोहड़ी मांगी। रात में फर्रुखाबाद फाटक स्थित गुरुद्वारा गुरु तेग बहादुर साहब में शबद कीर्तन के दौरान लोहड़ी की अग्नि में तिल आदि डाले गए।
जिन घरों में बच्चे हुए या जिन घरों में नई शादी हुई उन लोगों ने रात में गुरुद्वारा साहिब में भी संगतों को तिल, मूंगफली, गुड़ आदि भेंट किए।